कानपुर में करोड़पति दवा कारोबारी की हत्या का खुलासा, वीडियो में जाने बहू ने 6 लाख की सुपारी देकर नौकर से कराई हत्या
कानपुर में करोड़पति दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, कारोबारी की हत्या किसी बाहरी दुश्मन ने नहीं, बल्कि उनकी 36 वर्षीय इकलौती बहू शालू ने कराई थी बताया जा रहा है कि ससुर की बंदिशों से परेशान होकर बहू ने नौकर विशाल को 6 लाख रुपये की सुपारी दी। इसके बाद विशाल ने विनीत पर चाकू से 26 वार कर उनकी हत्या कर दी। हत्याकांड का खुलासा आरोपी नौकर विशाल के कबूलनामे के बाद हुआ। इसके आधार पर पुलिस ने कारोबारी की बहू शालू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरुआती पूछताछ में शालू पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ के बाद उसने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया।
CCTV और पैसों को लेकर थी नाराजगी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि विनीत मिनोचा अपनी बहू पर कड़ी नजर रखते थे। घर में लगे CCTV कैमरों के जरिए उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जाती थी। वहीं, बहू को खर्च के लिए भी सीमित पैसे दिए जाते थे।बताया जा रहा है कि शालू को देर रात बाहर घूमना और पार्टी करना पसंद था, लेकिन ससुर की ओर से इन गतिविधियों पर रोक-टोक की जाती थी। इसी को लेकर दोनों के बीच तनाव रहता था। पुलिस के अनुसार, लगातार लगाई जा रही बंदिशों से नाराज शालू ने अपने ससुर को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
6 लाख की सुपारी, नौकर ने किए 26 चाकू के वार
पुलिस के मुताबिक, शालू ने अपने घर के नौकर विशाल को 6 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी। इसके बाद आरोपी नौकर ने कारोबारी विनीत मिनोचा पर चाकू से 26 बार हमला किया। हमले में कारोबारी की मौत हो गई।पुलिस ने हत्या के बाद मामले की जांच शुरू की तो नौकर विशाल से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसके कबूलनामे से पुलिस को बहू की भूमिका का पता चला।
बोली- छोटे खर्चों के लिए भी ससुर से मांगने पड़ते थे पैसे
पूछताछ के दौरान शालू ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि करोड़पति परिवार की बहू होने के बावजूद उसके और उसके पति के खर्च पर ससुर का पूरा नियंत्रण था। उसने आरोप लगाया कि छोटे-छोटे खर्चों के लिए भी उसे ससुर से पैसे मांगने पड़ते थे।शालू ने कथित तौर पर कहा कि उसे पैसों के लिए बार-बा सुर से गुहार लगानी पड़ती थी। इसी नाराजगी और बंदिशों के चलते उसने हत्या की साजिश रची।
हत्या वाली रात 14 बार हुई नौकर से बात
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान शालू की कॉल डिटेल भी निकलवाई। जांच में सामने आया कि हत्या वाली रात शालू और नौकर विशाल के बीच 14 बार फोन पर बातचीत हुई थी। पुलिस अब इन कॉल्स और घटनाक्रम के बीच संबंधों की भी जांच कर रही है।वहीं, शुरुआती जांच में कारोबारी के बेटे और शालू के पति सुब्रत की हत्या में कोई भूमिका सामने नहीं आई है। इसके बावजूद पुलिस ने उसे फिलहाल थाने में बैठा रखा है और उससे भी पूछताछ की जा रही है।पुलिस अब हत्या की पूरी साजिश, सुपारी की रकम और वारदात में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

