24 जिलों में अब भी पारा 40 पार, 20 शहरों में लू के आसार, जानिए अगले छह दिन कैसा रहेगा मौसम

प्रदेश का करीब एक तिहाई हिस्सा अभी भी भीषण गर्मी की चपेट में है। पिछले तीन दिनों में 20 या इससे अधिक जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा है। दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में अभी भी गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। हालांकि पांच जिलों में गर्मी का प्रकोप काफी कम हुआ है, लेकिन 20 जिलों में अभी भी लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिनभर गर्मी की चेतावनी जारी की है। 15 जिलों में येलो व पांच जिलों में ऑरेंज चेतावनी है। सोमवार को 24 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक था, मंगलवार को यह संख्या बढ़कर 30 हो गई। बुधवार को यह संख्या कम हुई, लेकिन 24 जिलों में गर्मी का प्रकोप जारी रहा। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या इससे अधिक रहा। लखनऊ में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इन दिनों मौसम शुष्क रहने से गर्मी बढ़ रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। बुधवार को राज्य का अधिकतम तापमान उरई में 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है।