बारिश के बाद गिरा पारा, खत्म हुआ लू का असर; आज इन जिलों में बरसात और वज्रपात का है अनुमान
मौसम विभाग ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के 65 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें से कुछ क्षेत्रों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलने के साथ तूफान आने की संभावना है।
बुधवार रात से गुरुवार तक उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में तेज हवाओं के साथ आंधी और बूंदाबांदी हुई। वहीं, बुलंदशहर में 89 किलोमीटर प्रति घंटे और मेरठ में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। तराई क्षेत्र के साथ-साथ आगरा, अलीगढ़ क्षेत्र और राज्य के अन्य पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर 50 से 80 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की सूचना मिली है। बुंदेलखंड के बांदा, झांसी आदि में गर्म हवाएं चलीं, लेकिन हल्की बूंदाबांदी के कारण शुक्रवार से यहां भी तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी का प्रकोप कमजोर पड़ जाएगा।
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र के उत्तर की ओर बढ़ने के कारण शनिवार से उत्तर प्रदेश में बारिश की तीव्रता और सीमा में और वृद्धि होगी। इसके कारण पूर्वी और पश्चिमी दोनों भागों में गरज के साथ छींटे पड़ेंगे और बारिश होगी, जिससे तापमान में गिरावट से राहत मिलेगी।

