पूर्वांचल के क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पहली बार आयोजित हो रहे MCC हाई परफॉर्मेंस कैंप में युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग दी जा रही है।
इस विशेष कैंप में दुनिया के दिग्गज तेज गेंदबाजों में शुमार श्रीलंका के चमिंडा वास और जाने-माने कोच ज्वाला सिंह ने खिलाड़ियों को महत्वपूर्ण तकनीकी और मानसिक टिप्स दिए। दोनों विशेषज्ञों ने युवा खिलाड़ियों को फिटनेस, गेंदबाजी और मैच प्रेशर को संभालने के गुर सिखाए।
कैंप का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव देना और उन्हें प्रोफेशनल क्रिकेट के लिए तैयार करना है। इस दौरान खिलाड़ियों को आधुनिक ट्रेनिंग सुविधाएं और मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और कहा कि ऐसे प्रयासों से देश में नए और प्रतिभाशाली खिलाड़ी उभरकर सामने आएंगे।
इस कैंप से पूर्वांचल के युवा क्रिकेटरों में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है और उम्मीद है कि आने वाले समय में यहां से कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।

