Samachar Nama
×

नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर AC बस में भीषण आग, 9 यात्री जिंदा जले; 35 लोग थे सवार

नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर AC बस में भीषण आग, वीडियो में जाने 9 यात्री जिंदा जले; 35 लोग थे सवार

उत्तर प्रदेश के नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। जेवर एयरपोर्ट से करीब 500 मीटर दूर स्लीपर AC बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में 9 यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई। मृतकों में 8 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। आग इतनी तेज थी कि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई और शव बुरी तरह झुलस गए। उनकी पहचान करने में भी मुश्किल हो रही है।

जानकारी के मुताबिक बस में हादसे के वक्त कुल 35 यात्री सवार थे। आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर बाहर छलांग लगाई और अपनी जान बचाई। राहत और बचाव टीमों ने करीब 20 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में कई यात्री घायल भी हुए हैं।

हादसा बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ। यह बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से रात साढ़े 9 बजे महोबा के लिए रवाना हुई थी। बताया जा रहा है कि जेवर एयरपोर्ट से करीब 500 मीटर पहले बस में आग लगी। कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में AC में स्पार्क या ब्लास्ट के बाद इंजन में आग लगने की आशंका सामने आई है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

बस का पिछला हिस्सा काटकर अंदर पहुंची टीम

बस में आग इतनी भीषण थी कि फायरकर्मियों को शवों तक पहुंचने में काफी मुश्किल हुई। स्लीपर बस का पिछला हिस्सा काटकर फायरकर्मी अंदर दाखिल हुए। इसके बाद एक-एक कर शवों को बाहर निकाला गया। राहत और बचाव अभियान करीब दो घंटे तक चला। ज्यादातर शव बस की सीटों पर ही मिले।

पुलिस के मुताबिक यह बस मध्य प्रदेश की राज कल्पना ट्रैवल्स की है। बस के खिलाफ पहले से 19 चालान हो चुके हैं और करीब पौने दो लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया जा चुका है। हादसे के बाद बस के संचालन और उसकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जांच की जा रही है।पुलिस ने मामले में बस के ड्राइवर पवन और कंडक्टर योगेश को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी और बस में सुरक्षा मानकों का कितना पालन किया गया था।

Share this story

Tags