गाजियाबाद की हाईराइज सोसाइटी में भीषण आग, वीडियो में देंखे 15 मंजिला टावर में मचा हड़कंप; कई फ्लोर चपेट में आए
गाजियाबाद में बुधवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे एक 15 मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के टावर-डी में हुई, जहां आग अचानक 9वें फ्लोर पर भड़की और देखते ही देखते कई मंजिलों तक फैल गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में 7 मंजिलें इसकी चपेट में आ गईं। आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और काले धुएं का गुबार आसमान में फैल गया, जो करीब 5 किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था।
आग लगने के बाद सोसाइटी में रहने वाले लोगों के बीच दहशत फैल गई। लोग किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर की ओर भागे। कई निवासी सीढ़ियों के जरिए नीचे उतरते नजर आए। इस दौरान महिलाएं अपना घर जलते देख भावुक हो गईं और फूट-फूटकर रो पड़ीं।धुएं के कारण कुछ लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि अब तक किसी बड़े जानमाल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थिति बेहद गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 14 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग की तीव्रता को देखते हुए राहत और बचाव कार्य में हाइड्रोलिक क्रेन की मदद भी ली गई, ताकि ऊपरी मंजिलों तक पानी पहुंचाया जा सके।इसके अलावा, बगल की इमारतों में रहने वाले लोगों ने भी खुद पाइप और अन्य संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने में सहयोग किया। पूरा इलाका कुछ समय के लिए तनाव और दहशत के माहौल में रहा।
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग पर काबू पाने के प्रयास लगातार जारी हैं और प्राथमिकता इमारत में फंसे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। आग लगने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। स्थानीय प्रशासन ने घटनास्थल पर सुरक्षा बढ़ा दी है और रेस्क्यू ऑपरेशन पर लगातार नजर रखी जा रही है। यह घटना एक बार फिर हाईराइज इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

