21वें फ्लोर पर AC ब्लास्ट के बाद भीषण आग, 3 फ्लैट चपेट में; वीडियो में जाने सोसाइटी में मची अफरा-तफरी
नोएडा में सोमवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे एक ऊंची इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसाइटी की 24 मंजिला बिल्डिंग के 21वें फ्लोर पर एक फ्लैट में एसी ब्लास्ट के बाद आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते तीन फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने के बाद फ्लैट की खिड़कियों से तेज लपटें और धुआं बाहर निकलने लगा, जिससे पूरे फ्लोर पर घना धुआं फैल गया। अचानक हुई इस घटना से सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए सीढ़ियों के रास्ते नीचे भागने लगे। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास की इमारत से कुछ लोगों ने पाइप के जरिए पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। इस बीच, तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका गया। राहत की बात यह है कि इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। फायर विभाग और प्रशासन की टीम आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन करने में जुटी है। शुरुआती जांच में AC ब्लास्ट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है।

