Fatal attack on Woman नोएडा में महिला पर जानलेवा हमला करने वाला युवक मुठभेड़ में घायल, पांच साल से रिलेशनशिप में था आरोपी

नोएडा न्यूज डेस्क !!!महिला के ऊपर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। छानबीन में पता चला है कि आरोपी महिला के साथ बीते 5 सालों से लिव इन रिलेशनशिप में रहता था। महिला और उसके बीच जब अनबन हुई तो उसके बाद उसने महिला पर हमला कर दिया। थाना फेस-2 पुलिस ने महिला के ऊपर जानलेवा हमला करने वाले शातिर अपराधी को पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही से घटना में इस्तेमाल रक्तरंजित क्राफ्ट नाइफ (ब्लेड) बरामद किया गया है।
9 अक्टूबर को पीड़िता ने थाना फेस-2 पुलिस को सूचना दी कि वह और अमर के साथ पिछले 5 वर्षों से रिलेशन में रहते थी। आपस में अनबन होने पर वह दोनों अलग हो गये थे। 9 अक्टूबर को एल्डिको युटोपिया के पास अमर ने जान से मारने की मंशा से ब्लेड से कई वार किये गये। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया और थाना फेस-2 नोएडा में मुकदमा दर्ज किया।
खून लगा ब्लेड भी बरामद
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। मंगलवार सुबह सूचना के आधार पर अमर को सेक्टर-93 स्थित एल्डिको यूटोपिया सोसायटी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर खून लगा ब्लेड भी बरामद कर लिया।
बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के मुताबिक, इसी बीच आरोपी अमर ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और जान से मारने की नियत से पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से अमर घायल हो गया। पूछताछ में अमर ने बताया कि वह मूलरूप से बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है। वह महिला के साथ पिछले पांच वर्ष से रिलेशन में था। पिछले दिनों दोनों के बीच अनबन हुई तो महिला अलग रहने लगी। यह बात उसे इस कदर नागवार गुजरी कि उसने महिला पर क्राफ्ट नाइफ (ब्लेड) से हमला कर दिया। पुलिस अभिरक्षा में आरोपी का इलाज चल रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 10 अक्टूबर को थाना फेस-2 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस व बीट पुलिसिंग की सहायता से घटना करने वाले अभियुक्त अमर को सेक्टर-93 नोएडा से गिरफ्तार किया गया। अभिय़ुक्त अमर से पूछताछ की गयी तो उसने घटना में इस्तेमाल रक्तरंजित क्राफ्ट नाइफ (ब्लेड) को एल्डिको युटोपिया सोसायटी के गेट नं0-3 के पास से बरामद कराया। हथियार की बरामदगी के उपरांत लौटते समय अमर ने मौका पाकर पुलिस बल से पिस्टल छीन कर भागने का प्रयास किया। इस पर पुलिस ने जवाबी करवाई की तो अभियुक्त के पैर में गोली लगने के कारण वह घायल हो गया।
--आईएएनएस
पीकेटी/सीबीटी