
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में कोर्ट ने 4 साल पुराने हत्या के मामले में दो लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। मिली जानकारी के मुताबिक एक महिला का अपने भतीजे से प्रेम प्रसंग चल रहा था। ऐसे में महिला ने अपने भतीजे के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी। पति की गला घोंटकर हत्या करने के बाद महिला और उसके भतीजे ने उसके शव को फंदे से लटका दिया। आइए जानते हैं इस वीभत्स मामले के बारे में सबकुछ।
क्या था पूरा मामला?
अभियोजन पक्ष की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक 21 अप्रैल 2021 को मानसिंह वर्मा नाम के व्यक्ति का शव राइस मिल परिसर में लटका मिला था। यह घटना बलिया के उभांव थाना क्षेत्र के तेलमा जलालुद्दीनपुर गांव में हुई थी। हालांकि जब शव का पोस्टमॉर्टम हुआ तो रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस जांच में क्या खुलासा हुआ?
मृतक मानसिंह के बड़े भाई रामेश्वर वर्मा ने इस घटना को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की पुलिस जांच में पता चला कि व्यक्ति की पत्नी निर्मला और भतीजे वेद व्यास ने गला घोंटकर उसकी हत्या की थी। अभियोजन पक्ष की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार मानसिंह की पत्नी निर्मला के उसके भतीजे वेद व्यास से अवैध संबंध थे। इस संबंध का विरोध करने पर मानसिंह की हत्या कर दी गई।
अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार बलिया स्थानीय अदालत के जिला एवं सत्र न्यायाधीश अमित पाल सिंह ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनीं। इसके बाद मंगलवार को निर्मला और उसके भतीजे वेद व्यास को दोषी करार दिया गया। अदालत ने दोनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही दोनों पर 7,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।