Samachar Nama
×

महंत राजू दास ने अखिलेश यादव को दी चुनौती, बोले- अयोध्या से पहले श्रीकृष्ण जन्मभूमि आकर दिखाइए

महंत राजू दास ने अखिलेश यादव को दी चुनौती, बोले- अयोध्या से पहले श्रीकृष्ण जन्मभूमि आकर दिखाइए

मथुरा में अयोध्या की हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को खुले मंच से श्रीकृष्ण जन्मस्थान आने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि वह खुद मथुरा पहुंच चुके हैं, अब अखिलेश यादव बताएं कि वे कब आएंगे। राजू दास ने अपने बयान में कहा, "हम तो आ गए हैं, आप कब आएंगे? अयोध्या से पहले श्रीकृष्ण जन्मभूमि आकर दिखाइए अखिलेश यादव जी।"

श्रीकृष्ण जन्मस्थान के गेट नंबर-3 पर पोस्टर लेकर पहुंचे संत

रविवार को महंत राजू दास मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थान के गोविंद नगर द्वार यानी गेट नंबर-3 पर पहुंचे थे। उनके साथ कई अन्य संत भी मौजूद थे। सभी के हाथों में पोस्टर थे। पोस्टर पर अखिलेश यादव की साइकिल चलाते हुए तस्वीर के साथ लिखा था, 'हम तो आ गए हैं, तुम कब आओगे? अयोध्या से पहले श्रीकृष्ण जन्मभूमि आओ अखिलेश यादव जी।'

कारसेवा और भव्य मंदिर निर्माण का भी किया ऐलान

श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर दर्शन के बाद राजू दास ने यहां भव्य मंदिर निर्माण के लिए कारसेवा करने का संकल्प जताया। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उदाहरण देते हुए कहा कि मथुरा में भी इसी तरह मंदिर निर्माण के लिए अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने शाही ईदगाह को हटाने की मांग भी दोहराई।

इस दौरान अन्य संतों ने भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मुद्दे पर अपनी मांगें रखीं। कुछ संतों ने अदालत का अंतिम फैसला आने तक शाही ईदगाह के गुंबद को ढकने की मांग की।

यूपी की राजनीति में फिर चर्चा में आया मथुरा का मुद्दा

महंत राजू दास का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा राजनीतिक चर्चाओं में है। इससे पहले भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की ओर से भी अखिलेश यादव को मथुरा आने और कारसेवा में शामिल होने की चुनौती दी गई थी।

फिलहाल अखिलेश यादव की ओर से महंत राजू दास की इस चुनौती पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह से जुड़ा विवाद अदालत में विचाराधीन है।

Share this story

Tags