उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के फतेहपुर थाना क्षेत्र स्थित आमवाला गांव में शनिवार सुबह उस समय तनाव का माहौल बन गया जब शराब के ठेके को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा।
जानकारी के अनुसार, गांव में स्थित देसी शराब के ठेके को हटवाने के लिए महिलाएं पिछले कई दिनों से धरना दे रही थीं। लेकिन जब उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो उन्होंने विरोध का रास्ता और सख्त कर लिया।
महिलाएं सीधे ठेके पर पहुंच गईं और वहां रखी शराब की बोतलों को बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिलाओं का आक्रोश साफ देखा जा सकता है।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब के ठेके की वजह से इलाके में कई तरह की समस्याएं उत्पन्न हो रही थीं, जिसके चलते यह विरोध लंबे समय से चल रहा था। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

