केशव मौर्य का बड़ा एक्शन, सुल्तानपुर के परियोजना निदेशक अशोक कुमार सिंह सस्पेंड; विभागीय जांच के आदेश
उत्तर प्रदेश में लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामलों में अधिकारियों पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सुल्तानपुर के परियोजना निदेशक अशोक कुमार सिंह के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, परियोजना निदेशक अशोक कुमार सिंह के खिलाफ शासकीय पद की गरिमा के विपरीत आचरण और अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ आपत्तिजनक व्यवहार से जुड़े मामले सामने आए थे। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए डिप्टी सीएम ने उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक नियमावली, 1999 के नियम-7 के तहत अनुशासनिक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं। अब पूरे मामले की विभागीय जांच होगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
कर्मचारियों से विवाद के बीच आया था मामला
अशोक कुमार सिंह को लेकर पिछले दिनों सुल्तानपुर में विवाद सामने आया था। परियोजना निदेशक कार्यालय में तैनात कुछ कर्मचारियों के साथ उनके मतभेद की खबरें सामने आई थीं। इसके अलावा सितंबर के पहले सप्ताह में परियोजना निदेशक कार्यालय का एक डांस वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए टीम गठित की थी।
इसके बाद अशोक कुमार सिंह ने 10 सितंबर को जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को सशर्त इस्तीफा भी भेजा था। इस्तीफे में उन्होंने कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों पर आरोप लगाए थे। मामले में कार्यालय के कामकाज और कर्मचारियों के बीच विवाद को लेकर भी जांच की बात सामने आई थी।
जनहित के काम में लापरवाही पर सख्ती
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। उनका कहना है कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
सुल्तानपुर के परियोजना निदेशक का निलंबन इसी कार्रवाई के तहत देखा जा रहा है। परियोजना निदेशक कार्यालय से विधायक और सांसद निधि के साथ-साथ गरीबों के आवास से जुड़ी योजनाओं का संचालन भी होता है। ऐसे में विभागीय कामकाज और योजनाओं के क्रियान्वयन में अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
डिप्टी सीएम ने संकेत दिया है कि शासकीय कार्यों में लापरवाही, अनुशासनहीनता या जिम्मेदारियों के निर्वहन में उदासीनता सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। अब अशोक कुमार सिंह के मामले में विभागीय जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।

