केशव मौर्य की कार्यकर्ताओं को नसीहत- ‘निपटाने’ की प्रवृत्ति से बचें, सरकार नहीं रहेगी तो क्या हासिल होगा?
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने की कोशिशों के बीच उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का बयान चर्चा में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को आपसी विवादों और एक-दूसरे को ‘निपटाने’ की प्रवृत्ति से दूर रहने की नसीहत दी।
केशव मौर्य ने कार्यकर्ताओं को समझाते हुए कहा कि उन्हें किसी को निपटाने की सोच से बचना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सरकार ही नहीं रहेगी तो किसी को निपटाकर क्या हासिल होगा? उनके इस बयान को पार्टी के भीतर चल रही संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने की कोशिशों के संदर्भ में देखा जा रहा है।
लखनऊ में शुक्रवार को हुई भाजपा की संगठनात्मक बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।
केशव मौर्य ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं की नाराजगी का जिक्र करते हुए कहा कि राज्यसभा में जिन लोगों को भेजा गया है, वे भी पार्टी के कार्यकर्ता ही हैं। किसी को नाराजगी हो सकती है, लेकिन उसका असर संगठन के काम पर नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार रहेगी तभी पद और प्रतिष्ठा भी रहेगी।
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची में छूटे पात्र लोगों के नाम जुड़वाने के लिए बूथ स्तर पर अभियान चलाने की अपील की। इस बैठक में एक ओर मतदाता सूची को लेकर सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया, तो दूसरी ओर केशव मौर्य ने संगठन के भीतर आपसी तालमेल और एकजुटता बनाए रखने का संदेश दिया।

