Samachar Nama
×

‘इंशाअल्लाह, पूरा चेकपोस्ट उड़ा दूंगा…’ उजैद की चैट से खुलासा, 005 ब्रिगेड ग्रुप में पाकिस्तानी हैंडलर ने रची थी साजिश

s

उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी उजैद कुरैशी के मोबाइल से सेना की चेकपोस्ट पर आत्मघाती हमले की साजिश का खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों को उसके मोबाइल से 005 ब्रिगेड नाम के एक ग्रुप की चैट मिली है। इसमें पाकिस्तान में बैठे हैंडलर और उसके संपर्क में रहने वाले संदिग्धों के बीच सेना की चेकपोस्ट को निशाना बनाने की बातचीत हुई थी। चैट में उजैद ने कथित तौर पर लिखा था- 'इंशाअल्लाह, पूरा चेकपोस्ट उड़ा दूंगा। इंशाअल्लाह, मैं अपना 100 प्रतिशत दूंगा।'

005 ब्रिगेड ग्रुप में थे पांच सदस्य

जांच के मुताबिक, 005 ब्रिगेड नाम के इस ग्रुप में कुल पांच सदस्य जुड़े हुए थे। इसमें पाकिस्तान में बैठे कथित हैंडलर आमिर हमजा ने 'DRUGS' कोड नेम से अपनी पहचान बनाई हुई थी। ग्रुप में जम्मू-कश्मीर में पहले गिरफ्तार हो चुका संदिग्ध आतंकी साजिद और मेरठ का उजैद भी शामिल थे।

सामने आई चैट के मुताबिक, 8 नवंबर 2025 को ग्रुप में हमले की योजना को लेकर बातचीत हुई थी। एक सदस्य ने पूछा कि आगे क्या प्लान है। इस पर पाकिस्तानी हैंडलर ने बताया कि साजिद को विस्फोटक जैकेट पहनाकर भारतीय सेना की चेकपोस्ट पर भेजा जाएगा और वहां आत्मघाती हमला किया जाएगा।

उजैद ने जताई थी हमले के लिए तैयारी

हैंडलर की बात पर साजिद ने कथित तौर पर हमले के लिए तैयार होने की बात कही थी। इसी बातचीत के दौरान उजैद ने विस्फोटक जैकेट के बारे में सवाल किया। हैंडलर ने जवाब दिया कि इसकी व्यवस्था घर पर ही कर ली जाएगी।

इस बातचीत से जांच एजेंसियों को शक है कि नेटवर्क के सदस्य सेना की चौकी पर आत्मघाती हमले की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, यह साजिश अपने अंजाम तक पहुंचने से पहले ही सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई से नाकाम हो गई।

साजिद की गिरफ्तारी से खुला नेटवर्क

इस मामले की जांच नवंबर 2025 में जम्मू-कश्मीर में संदिग्ध आतंकी मोहम्मद साजिद की गिरफ्तारी के बाद आगे बढ़ी थी। बताया गया कि साजिद सेना की चेकपोस्ट के आसपास रेकी करने पहुंचा था, तभी उसे पकड़ लिया गया। उसके मोबाइल और डिजिटल गतिविधियों की जांच में उजैद समेत दूसरे संदिग्धों के संपर्कों का पता चला।

इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां उजैद की तलाश कर रही थीं। करीब एक साल से फरार चल रहे उजैद को 24 नवंबर 2026 को मेरठ से गिरफ्तार किया गया।

कई सोशल मीडिया ग्रुप से जुड़ा था उजैद

जांच में उजैद के इंस्टाग्राम, सेशन और सिग्नल जैसे प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहने की जानकारी सामने आई है। उसके नेटवर्क में ट्यूशन-40, 005 ब्रिगेड और अल-मुजाहिद जैसे नामों से ग्रुप बनाए गए थे। पुलिस के मुताबिक, इन ग्रुपों के जरिए युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने और आतंकी गतिविधियों के लिए उकसाने की कोशिश की जा रही थी।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां उजैद से पूछताछ कर उसके नेटवर्क, पाकिस्तानी हैंडलर्स और अन्य संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटा रही हैं। जांच का मुख्य फोकस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान करना और संभावित आतंकी साजिशों की कड़ियां जोड़ना है।

Share this story

Tags