वीडियो में देंखे क्रिकेटर कुलदीप यादव ने पत्नी संग वृंदावन में किए बांके बिहारी के दर्शन
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज स्पिनर कुलदीप यादव ने हाल ही में अपनी पत्नी वंशिका के साथ वृंदावन स्थित प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में भगवान के दर्शन किए। दोनों मंगलवार शाम करीब साढ़े 7 बजे मंदिर पहुंचे और पूरी श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर में इत्र लगाकर सेवा भी की और भगवान को 56 भोग अर्पित किए।
यह दौरा खास इसलिए भी रहा क्योंकि शादी के बाद यह पहली बार था जब कुलदीप यादव अपनी पत्नी के साथ मथुरा-वृंदावन पहुंचे थे। खास बात यह रही कि उन्होंने इस यात्रा को बेहद गोपनीय रखा, जिसके चलते किसी को भी उनके आने की भनक तक नहीं लगी। हालांकि, बाद में मंदिर परिसर में ली गई फोटो और वीडियो सामने आने के बाद बुधवार सुबह लोगों को उनके दर्शन की जानकारी मिली।
जानकारी के अनुसार, कुलदीप यादव और वंशिका सिंह करीब 25 मिनट तक मंदिर में मौजूद रहे। इस दौरान मंदिर प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त रही, और गार्ड्स उन्हें घेरकर खड़े रहे ताकि उनकी निजी यात्रा में कोई बाधा न आए। भक्तों और श्रद्धालुओं की भीड़ से दूर रखते हुए उन्हें शांतिपूर्वक दर्शन का अवसर दिया गया।
गौरतलब है कि कुलदीप यादव ने अपनी बचपन की दोस्त वंशिका सिंह के साथ 14 मार्च को मसूरी में शादी की थी। उनकी शादी की तस्वीरें और वीडियो पहले ही सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो चुके हैं और फैंस ने उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं दी थीं।
वृंदावन का यह धार्मिक दौरा उनके नए जीवन की शुरुआत के रूप में भी देखा जा रहा है, जहां उन्होंने भगवान का आशीर्वाद लिया। बांके बिहारी मंदिर में उनकी मौजूदगी को लेकर भक्तों में भी उत्साह देखने को मिला। कुल मिलाकर, यह दौरा कुलदीप यादव और उनके परिवार के लिए एक आध्यात्मिक और यादगार पल साबित हुआ, जहां उन्होंने अपनी नई जीवन यात्रा के लिए ईश्वर का आशीर्वाद प्राप्त किया।

