Samachar Nama
×

यूपी में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर, लखनऊ-मेरठ समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश; सभी 75 जिलों में अलर्ट

यूपी में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर, लखनऊ-मेरठ समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश; सभी 75 जिलों में अलर्ट

उत्तर प्रदेश में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बेमौसम बारिश हुई। लखनऊ, मेरठ, काशी, अयोध्या और रायबरेली समेत कई शहरों में बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम में अचानक आए बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है। धान की फसल को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

गुरुवार को लखनऊ में दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई। मेरठ और काशी में भी तेज बारिश हुई। अयोध्या, गाजियाबाद और गोरखपुर समेत कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। कई इलाकों में तेज हवाओं के कारण मौसम ठंडा हो गया। सहारनपुर में आकाशीय बिजली गिरने से एक मस्जिद की मीनार का हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया।

सभी 75 जिलों में मौसम का अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि अन्य इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। तेज हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

धान की फसल को नुकसान की आशंका

बेमौसम बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। इस समय कई इलाकों में धान की फसल कटाई के लिए तैयार है। कुछ किसानों ने फसल काटकर खेतों में ही रखी हुई है। ऐसे में लगातार बारिश होने से खेतों में पानी भरने और कटी हुई फसल के खराब होने का खतरा है।तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल गिरने की भी आशंका है। बारिश से भूसा भी खराब हो सकता है। किसानों को डर है कि यदि मौसम लंबे समय तक खराब रहा तो धान की गुणवत्ता और पैदावार दोनों प्रभावित हो सकती हैं। इसके अलावा खेतों में नमी बढ़ने से गेहूं की बुवाई में भी देरी होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए

मौसम की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में हालात पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर लोगों की मदद करने के लिए कहा गया है।फिलहाल प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का असर बना हुआ है। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच किसानों और आम लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Share this story

Tags