
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के परिवारों को दस करोड़ रुपये की मदद देनी चाहिए और परिवार के सदस्यों को सरकारी नौकरी देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए दूसरों को बदनाम कर रही है। इस सरकार में भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। किसी को न्याय नहीं मिल रहा है।
रविवार को सपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश ने कहा कि देश जानना चाहता है कि आतंकी पहलगाम तक कैसे पहुंचे। इस देश का बच्चा-बच्चा जान गया है कि सरकार की नाकामी के कारण ही जम्मू-कश्मीर में इतनी बड़ी घटना घटी है। सरकार ने पर्यटकों की सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं किया था। घटना के बाद घायलों को समय पर सहायता नहीं मिल पाई। अब लोग पहलगाम के साथ-साथ पुलवामा की भी चर्चा कर रहे हैं।
पानी की टंकी भ्रष्टाचार का बोझ नहीं झेल सकी।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार ने संस्थाओं को कमजोर कर दिया है। भाजपा के लोग संस्थाओं में बैठे भ्रष्ट अधिकारियों पर दबाव बनाकर अन्याय कर रहे हैं। भाजपा सरकार ने यूपी में दूसरे राज्यों से अफसरों की नियुक्ति की है। ये सभी लोग राज्य में भ्रष्टाचार कर रहे हैं और यहां से पैसा लेकर अपने राज्यों में निवेश कर रहे हैं। हाल ही में यह बात सामने आई थी कि उत्तराखंड में करोड़ों रुपए जब्त किए गए। एक अधिकारी ने 40 से अधिक फ्लैट खरीदे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में इतना भ्रष्टाचार है कि लखीमपुर खीरी में पानी की टंकी भ्रष्टाचार का बोझ नहीं झेल सकी और फट गई। मुख्यमंत्री को इस भ्रष्टाचार की जानकारी तक नहीं थी।