Samachar Nama
×

संभल में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, ईदगाह और इमामबाड़े पर चला बुलडोजर, वीडियो में देंखे भारी पुलिस बल तैनात

संभल में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, ईदगाह और इमामबाड़े पर चला बुलडोजर, वीडियो में देंखे भारी पुलिस बल तैनात

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में गुरुवार सुबह प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ईदगाह और एक इमामबाड़े को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई सुबह 8 बजे शुरू होकर दोपहर करीब 2:30 बजे तक चली। इस दौरान इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी।जानकारी के अनुसार, इमामबाड़े को हटाने के लिए चार बुलडोजरों का इस्तेमाल किया गया, जबकि पूरे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच थानों की पुलिस और एक कंपनी पीएसी (PAC) मौके पर मौजूद रही। कार्रवाई के दौरान आसपास के गांवों से लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, लेकिन किसी भी तरह के विरोध या हंगामे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने भीड़ को तुरंत वहां से हटा दिया।

प्रशासन का दावा है कि यह निर्माण अवैध रूप से सरकारी भूमि पर किया गया था। अधिकारियों के अनुसार, लगभग 7 बीघा चारागाह भूमि पर ईदगाह का निर्माण किया गया था, जबकि इमामबाड़ा खाद गड्ढे की जमीन पर बनाया गया था। इसे लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं।मामले की शुरुआत गांव के लोगों द्वारा की गई शिकायतों से हुई, जिसके बाद लेखपाल स्पर्श गुप्ता ने 18 जनवरी को तहसीलदार न्यायालय में अपील दायर की थी। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर 31 जनवरी को नोटिस अखबार में प्रकाशित कराया गया, जिसमें संबंधित कब्जेदारों से सामने आने को कहा गया था।

हालांकि, नोटिस जारी होने के बाद भी किसी भी पक्ष की ओर से कोई दावा या आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई। इसके बाद प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए यह कार्रवाई की।कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश और निर्धारित प्रक्रिया के तहत की गई है। इस घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, हालांकि स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

Share this story

Tags