आज से प्रदेश में बढ़ेगी तपिश, डाउन ड्राफ्ट से लखनऊ में अचानक आठ डिग्री गिरा पारा

उत्तर प्रदेश में आज से मौसम बदलना शुरू हो जाएगा। आज प्रदेश के कई जिलों में तापमान चालीस डिग्री के पार जा सकता है। इससे पहले रविवार को राज्य भर के कई जिलों में तूफान और बारिश हुई। दक्षिण और तराई क्षेत्रों के लगभग 40 जिलों में तेज हवाओं और गरज के साथ भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को दिन में सोनभद्र, प्रयागराज, अयोध्या, गोरखपुर, महराजगंज, कुशीनगर, अमेठी, फतेहपुर, सुल्तानपुर, कानपुर, बांदा समेत बुंदेलखण्ड के इलाकों में हवा के साथ हल्की बारिश हुई। इनमें से अधिकांश स्थानों पर 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार से पूर्वी तराई के कुछ इलाकों को छोड़कर राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। सोमवार से तापमान में फिर से धीरे-धीरे वृद्धि होगी। लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार से तराई क्षेत्र के कुछ हिस्सों को छोड़कर शेष प्रदेश में बूंदाबांदी बंद हो जाएगी। 14 से 18 अप्रैल तक तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी और गर्मी फिर से तेज हो जाएगी।
राजधानी में रविवार को दिनभर गर्मी के बाद शाम को अचानक तेज हवा चलने लगी और कुछ देर बाद हवा काफी ठंडी हो गई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को दिनभर 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवा की गति शाम को अचानक बढ़कर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे हो गई। इसके अलावा पारा भी अचानक आठ डिग्री गिर गया। मौसम विज्ञानियों ने पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद उत्पन्न हुई इस स्थिति को डाउनड्राफ्ट कहा है। सोमवार से तापमान और गर्मी फिर बढ़ जाएगी। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री बढ़कर 36.2 डिग्री दर्ज किया गया। रात का तापमान 0.5 डिग्री बढ़कर 22.7 डिग्री सेल्सियस हो गया।
जानें डाउनड्राफ्ट घटना क्या है
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बहराइच के आसपास विक्षोभ के पीछे से उत्पन्न आंधी-तूफान के कारण मध्य उष्णकटिबंधीय क्षेत्र से ठंडी पश्चिमी हवाएं जमीन पर पहुंचीं। इसके कारण हवा की गति अचानक बढ़ गई और महज बीस मिनट में पारा आठ डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। इस दुर्लभ मौसम घटना को डाउनड्राफ्ट कहा जाता है। आश्चर्य की बात यह है कि इसका असर राजधानी से करीब 100 किलोमीटर दूर बहराइच इलाके में भी देखने को मिला। सोमवार को जैसे ही सूरज चमकेगा, तापमान बढ़ेगा और मौसम फिर से गर्म हो जाएगा।