Samachar Nama
×

आज भी जारी रहेगा चमड़ी चीर देने वाली गर्मी का कहर, 14 जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी, रातें भी गर्म होंगी

आज भी जारी रहेगा चमड़ी चीर देने वाली गर्मी का कहर, 14 जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी, रातें भी गर्म होंगी

उत्तर प्रदेश में गर्म हवाओं के साथ भीषण गर्मी का दौर जारी है। गुरुवार को झांसी, आगरा, बांदा समेत 8 जिलों में पारा 45 डिग्री के आसपास रहा। प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, सुल्तानपुर में भी गर्मी और गर्म हवाओं से लोग परेशान रहे। आसमान से बरस रही आग से दो दिन तक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक 15 जून से पश्चिमी और पूर्वी दोनों मंडलों में बूंदाबांदी से राहत मिलने की संभावना है। वहीं, मौसम विभाग ने बुंदेलखंड के गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा समेत पश्चिमी यूपी के 11 जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट और 14 अन्य जिलों में लू का येलो अलर्ट शुक्रवार को जारी किया है। इन इलाकों में रातें भी सामान्य से ज्यादा गर्म रहेंगी। पश्चिमी यूपी में 14 जून तक गर्मी और लू से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। वहीं, पूर्वांचल में शुक्रवार से मौसम में बदलाव का अनुमान है। शुक्रवार को पूर्वी दक्षिण यूपी और तराई के 35 जिलों में आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 14 जून तक प्रदेश में भीषण गर्मी की स्थिति है। 15 जून से पश्चिम व पूर्वाचल में बूंदाबांदी से राहत मिलने की संभावना है। गर्मी से पांच व बिजली गिरने से तीन की मौत बहराइच/श्रावस्ती/कानपुर/झांसी)। भीषण गर्मी से जूझ रहे तराई के लोगों को गुरुवार को हल्की बारिश से राहत मिली।

आषाढ़ माह के पहले दिन श्रावस्ती के जमुनहा, गिरंट, तुलसीपुर, भंगा व भिनगा में आंधी के साथ बारिश हुई। वहीं बहराइच में शाम चार बजे के बाद तेज हवा व बादल छाने से मौसम सुहाना हो गया। रिजिया विकास खंड में तेज बारिश शुरू हो गई। कोतवाली देहात क्षेत्र निवासी राम छवि जायसवाल (50) की बिजली गिरने से मौत हो गई। इसके अलावा बुंदेलखंड के ललितपुर में बिजली गिरने व आंधी से हुए हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं बांदा व चित्रकूट में गर्मी से पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें से दो बांदा और तीन चित्रकूट के निवासी हैं। जेठ बीतने के बाद अब गर्मी पूरे शबाब पर है। आषाढ़ (प्रतिपदा) के पहले दिन गुरुवार को राजधानी में पारा 44 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया और इस साल गर्मी का नया रिकॉर्ड बना दिया। यह तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक रहा। दिन की गर्मी का असर शाम को सूर्यास्त के बाद भी रहा। अंधेरा होने के बाद भी गर्म हवा का अहसास होता रहा। दिन चढ़ने के साथ ही राजधानी में लू के थपेड़े महसूस होने लगे। कूलर, पंखे जैसे उपाय गर्मी से बचाने में नाकाम रहे। मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ में लू का यह पहला दिन था। दोपहर में लोग बेवजह सड़कों पर निकलने से बचते रहे। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले भी छांव तलाशते नजर आए। गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान दो डिग्री बढ़कर 44 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री बढ़कर 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार शुक्रवार को भी लू जैसे हालात रहेंगे। उन्होंने बताया कि शुष्क मौसम में रेडिएशन हीटिंग बढ़ने से तापमान और गर्मी बढ़ी है। 14 जून को मौसम में बदलाव होगा और बादलों की आवाजाही के साथ छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है।

दिल्ली में 44 डिग्री गर्मी

गुरुवार को दिल्ली में पारा 44.2 डिग्री दर्ज किया गया। हरियाणा और पंजाब के कई जिलों में गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान 47.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक है। वहीं, हरियाणा के सिरसा में दिन का तापमान 47.4 डिग्री पहुंच गया, जो इस सीजन में अब तक का सबसे अधिक है।

फिर सक्रिय हुआ मानसून, कर्नाटक में भारी बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार दो सप्ताह तक स्थिर रहने के बाद मानसून फिर सक्रिय हो गया है। कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है। 17 जून तक पूरे राज्य में व्यापक बारिश होने की संभावना है। वहीं, केरल में 14 से 16 जून तक भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

Share this story

Tags