लड़की ने शादी से किया मना, परेशान आशिक 50 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा, जमकर मचाया उत्पात
दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा से एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। शादी से मना करने से दुखी एक प्रेमी ने ऐसा खतरनाक कदम उठाया जिससे पूरे इलाके में मातम छा गया है। सोमवार को दादरी इलाके में जारचा रोड पर शाहपुर गांव के पास एक युवक हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। टावर करीब 50 फीट ऊंचा बताया जा रहा है। युवक को टावर पर चढ़ा देख आस-पास के लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं था, जिससे हालात और बिगड़ गए। उसे समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वह नहीं माना। आइए जानते हैं कि युवक टावर से कैसे नीचे उतरा।
पुलिस के मुताबिक, युवक की पहचान बुलंदशहर के रहने वाले पंकज के तौर पर हुई है। पंकज ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर इलाके के एक होटल में काम करता है। वह काफी समय से एक युवती के साथ रिलेशनशिप में था और उससे शादी करना चाहता था। जब लड़की और उसके घरवालों ने शादी से मना कर दिया तो पंकज मानसिक रूप से परेशान हो गया। शादी से मना करने के बाद युवक और ज़्यादा टेंशन में आ गया। इसी टेंशन में वह लड़की के इलाके में जाकर पास के एक हाई-टेंशन टावर पर चढ़ गया। वह करीब तीन घंटे तक वहीं रहा, जिससे पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ गई।
पुलिस ने बचाव अभियान शुरू किया
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस ने युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे नहीं आया। इसके बाद पुलिस ने युवक के पिता को मौके पर बुलाया। काफी बातचीत और समझाने के बाद युवक नीचे आने को तैयार हो गया। पुलिस और परिवार वालों की मदद से युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इसके बाद पुलिस ने उसे अपनी कस्टडी में ले लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। अच्छी बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस का कहना है कि युवक की काउंसलिंग की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है।

