प्रेमी से शादी की जिद पर लड़की की हत्या, परिवार ने शव जलाकर अस्थियां यमुना में विसर्जित की

बड़ौत के लुहारी गांव में शिवानी (21) की उसके माता-पिता, भाई और चचेरे भाई ने पड़ोसी अंकित से शादी की जिद पर गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को रात में यमुना किनारे ले जाकर जला दिया और अस्थियों व राख को यमुना में विसर्जित कर दिया। बुधवार सुबह प्रेमी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने मृतका के पिता संजीव व मां बबीता को गिरफ्तार कर हत्या की गुत्थी सुलझा ली। लुहारी गांव निवासी अंकित प्रजापति ने बताया कि उसका पड़ोस में रहने वाली शिवानी कश्यप से प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों पिछले डेढ़ साल से शादी करना चाहते थे। कुछ दिन पहले जब शिवानी के परिजनों को उनके प्रेम प्रसंग के बारे में पता चला तो उन्होंने उसका घर से निकलना बंद कर दिया। उसे पीटना शुरू कर दिया, लेकिन शिवानी शादी की जिद पर अड़ी रही। मंगलवार रात परिजनों ने घर में ही शिवानी की गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को रात में यमुना किनारे ले जाकर जला दिया और अस्थियों व राख को यमुना में विसर्जित कर दिया। बुधवार की सुबह जब शिवानी का मोबाइल फोन बंद मिला तो अंकित ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने गांव जाकर जांच की तो शिवानी की हत्या होने की पुष्टि हुई।
माता-पिता ने पुलिस के समक्ष खोला हत्या का राज
पुलिस ने मृतका के पिता संजीव उर्फ संजू व मां बबीता से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि हत्या के बाद शव को जला दिया गया है। इस मामले में शिवानी के प्रेमी अंकित ने मृतका के पिता संजीव उर्फ संजू, मां बबीता, भाई रवि व मौसी की बेटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
बताया गया कि मृतका व उसका प्रेमी अलग-अलग जाति के हैं और उनके घरों के बीच महज दो घरों की दूरी है। शिवानी दसवीं तक पढ़ी है और अंकित मजदूरी करता है। एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि मृतका के पिता व मां को गिरफ्तार कर लिया गया है, अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।