Meerut शहर सराफा में चार दिन पहले काम पर रखा कारीगर, एक करोड़ का सोना लेकर फरार
दिल्ली गेट शहर के सराफा बाजार स्थित चेन गंगा ज्वैलर्स प्रतिष्ठान से रविवार रात चार दिन पहले रखे गए एक कर्मचारी ने एक किलो सोना चुरा लिया। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। मंगलवार को सोना चोरी होने की सूचना मिलने पर ज्वैलर ने पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी के घर पर दबिश दी गई, लेकिन वह घर पर नहीं मिला।
दिल्ली गेट थाना क्षेत्र के सराफा बाजार निवासी निशांत रस्तोगी ने शिकायत में बताया कि सराफा बाजार में उनकी परमानंद सराफ एंड संस नाम से फर्म और चेन गंगा नाम से प्रतिष्ठान है। चार दिन पहले उन्होंने ईश्वरपुरी निवासी नितिन को काम पर रखा था। रविवार रात ज्वैलर दुकान बंद करने की तैयारी कर रहा था। उसने सोना कर्मचारी को स्ट्रांग रूम में रखने के लिए दे दिया।
आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने एक किलो सोना अपनी जेब में रख लिया। इसके बाद वह सोना लेकर फरार हो गया। मंगलवार सुबह जब उसने स्ट्रांग रूम में सोना चेक किया तो एक किलो सोना नहीं दिखा। पीड़ित ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए। पीड़ित के अनुसार, आरोपी अपनी पैंट की जेब में सोना रखता हुआ दिखाई दिया। सर्राफ ने आरोपी से उसके नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन नंबर बंद था।
सर्राफ ने मामले की जानकारी अन्य व्यापारियों को दी। सूचना मिलते ही व्यापारी एकत्रित होकर थाने पहुँच गए। व्यापारियों ने आरोपी नितिन की गिरफ्तारी की मांग की। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि शिकायत मिली है। आरोपी को पकड़ने के लिए टीम लगा दी गई है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
बुधवार को अधिकारियों से मिलेंगे व्यापारी
सराफा व्यापारी महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल ने बताया कि ऐसी घटनाओं से व्यापारी परेशान हैं। उनका व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। पहले भी कई व्यापारी सोना चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं। बुधवार को वे इस संबंध में उच्च अधिकारियों से मिलेंगे। साथ ही व्यापारियों की सुरक्षा की मांग करेंगे। महामंत्री ने कहा कि ऐसी घटनाओं के बाद जब व्यापारी थाने पहुँचते हैं तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। इसके अलावा कई मुद्दों पर उच्च अधिकारियों से चर्चा की जाएगी।

