जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों की शुरुआत, पहली फ्लाइट का हुआ भव्य स्वागत
उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को उड़ानों की आधिकारिक शुरुआत हो गई। इस ऐतिहासिक मौके पर लखनऊ से इंडिगो की पहली फ्लाइट ने यहां सफल लैंडिंग की, जिसके बाद एयरपोर्ट पर वाटर कैनन सैल्यूट देकर विमान का भव्य स्वागत किया गया। इस पल को प्रदेश के एविएशन सेक्टर के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। यह पहली फ्लाइट 161 यात्रियों को लेकर आई थी और इसके बाद इसे आगे बेंगलुरु के लिए रवाना किया जाएगा। इस तरह जेवर एयरपोर्ट अब औपचारिक रूप से देश के प्रमुख हवाई नेटवर्क से जुड़ गया है, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इसी बीच एक विशेष फ्लाइट के जरिए एक भावनात्मक और ऐतिहासिक यात्रा भी देखने को मिली। एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीन देने वाले 170 किसानों को स्पेशल फ्लाइट से नोएडा से लखनऊ भेजा गया। इनमें 20 महिला किसान भी शामिल रहीं। सभी किसान लखनऊ पहुंच गए हैं, जहां वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे।यह पहल किसानों के योगदान को सम्मान देने के रूप में देखी जा रही है, जिन्होंने अपनी जमीन देकर इस बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को साकार करने में अहम भूमिका निभाई।
यात्रा के दौरान किसानों ने अपने अनुभव भी साझा किए। व्हीलचेयर पर यात्रा कर रहे किसान कमलेश ने कहा कि फ्लाइट में सफर करना उनके लिए बेहद खुशी का अनुभव रहा और वे मुख्यमंत्री से मिलने को लेकर उत्साहित हैं। वहीं किसान रीता ने बताया कि उन्होंने चार बीघा जमीन दी थी और यह उनकी पहली हवाई यात्रा थी, जिसे उन्होंने बेहद रोमांचक बताया। उन्होंने कहा कि 7 घंटे का सफर अब सिर्फ 1 घंटे में पूरा हो गया, जो उनके लिए अविश्वसनीय अनुभव था।रीता ने यह भी बताया कि इस यात्रा के बाद वे अयोध्या जाकर राम मंदिर के दर्शन भी करेंगे, जिससे यह सफर उनके लिए और भी खास बन गया है।
जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन की शुरुआत को उत्तर प्रदेश के विकास और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। इससे न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।फिलहाल एयरपोर्ट पर उड़ानों की शुरुआत के साथ ही लोगों में उत्साह का माहौल है और आने वाले समय में यहां से उड़ानों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

