Samachar Nama
×

बलरामपुर में चाय पीने निकले 5 दोस्तों की सड़क हादसे में मौत: दो बाइकों पर सवार थे 7 युवक, दो गंभीर घायल; घने कोहरे के बीच हुआ हादसा

बलरामपुर में चाय पीने निकले 5 दोस्तों की सड़क हादसे में मौत: दो बाइकों पर सवार थे 7 युवक, दो गंभीर घायल; घने कोहरे के बीच हुआ हादसा

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसे में पांच दोस्तों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी दोस्त रात करीब 11 बजे चाय पीने के लिए दो बाइकों पर सवार होकर घर से निकले थे। रास्ते में उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर अक्सी बड़हरा गांव के पास दोनों बाइकों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि पांच युवकों की जान चली गई।

शुरुआती जानकारी में बताया गया था कि एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में दो बाइकों के आमने-सामने टकराने की बात सामने आई है। घटना के समय इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे सड़क पर दृश्यता कम थी।

पैदल राहगीरों को बचाने के प्रयास में टकराईं बाइकें

पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह के मुताबिक, बुधवार रात करीब 11 बजे सात युवक दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर उतरौला बाजार की तरफ जा रहे थे। अक्सी बड़हरा गांव के पास सड़क पर कुछ पैदल राहगीर सामने आ गए। उन्हें बचाने के प्रयास में एक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने पांच युवकों को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।

मृतकों में तीन किशोर और दो युवक शामिल

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मोहम्मद फारूक, सलीम, गुफरान, तौफीक और फजल मोहम्मद के रूप में हुई है। मृतकों में कुछ की उम्र महज 17 से 19 साल के बीच थी, जबकि सबसे बड़े युवक की उम्र 23 साल बताई गई है। सभी अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे।वहीं हादसे में मुजम्मिल और नाहिद रजा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए भेजा गया।

दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को मौके से दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलें और टूटे हुए हेलमेट मिले हैं। पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से दुर्घटना की जानकारी ली।पुलिस ने पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर घना कोहरा और सड़क पर पैदल राहगीरों को बचाने का प्रयास दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। पांच युवकों की एक साथ मौत की खबर से उनके परिवारों और गांवों में शोक का माहौल है।

Share this story

Tags