मानसून की पहली बारिश की जोरदार दस्तक, 119 मिमी बरसे बादल, सड़कों से लेकर खेत तक जल ही जल

मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून की पहली जोरदार बारिश ने शहरवासियों और किसानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। रविवार रात से शुरू हुई तेज बारिश अभी थमने का नाम नहीं ले रही है। पिछले 12 घंटे में 119 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो मानसून की बारिश अभी दो-तीन दिन तक जारी रहेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून की जोरदार बारिश से बारिश का जोर बढ़ता जा रहा है। रविवार रात करीब 10 बजे शुरू हुई बारिश सोमवार दोपहर तक जारी रही। बारिश से जहां जन-जीवन प्रभावित हुआ, वहीं शहरवासियों को गर्मी से भी राहत मिली है। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बारिश से काफी राहत मिली है और मौसम ने करवट बदली है। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. यूपी शाही का कहना है कि अगले दो-तीन दिन तक मानसून की बारिश जारी रहेगी। आगे भी बारिश की संभावना है। शुरुआती बारिश जल्द ही रिकॉर्ड तोड़ सकती है। यह बारिश सभी फसलों के लिए फायदेमंद : डॉ. एम. शमीम
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान मोदीपुरम के मौसम विज्ञानी डॉ. एम. शमीम का कहना है कि मानसून की पहली बारिश ने मानसून का इंतजार कर रहे लोगों को काफी राहत दी है। यह बारिश सभी फसलों के लिए काफी फायदेमंद है।
इस समय बारिश न होने से गर्मी का असर ज्यादा था और धरती भी आग पकड़ रही थी। इस बारिश से चारा फसलों, धान की पौध, गन्ना फसलों और बेल वाली फसलों को काफी फायदा पहुंचा है। इस बारिश से सीधे तौर पर उन किसानों को फायदा होगा जो फसल और धान की तैयारी कर रहे हैं। उनके लिए भी यह बारिश अच्छी रहेगी। किसान अपनी पौध तैयार कर समय पर धान की बुवाई कर सकते हैं।
बारिश से शहर की सड़कें जलमग्न, कई जगह जलभराव
मोदीपुरम रात से हो रही बारिश से शहर की सड़कें जलमग्न हो गई हैं। हर जगह पानी भर रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बारिश ने मौसम बदल दिया है। सड़कें और नाले पूरी तरह से लबालब हो गए हैं। कंकरखेड़-मोदीपुरम-पल्लपुरम, दिल्ली-देहरादून हाईवे, बेगमपुल, दिल्ली रोड, केसरगंज, हापुड़ अड्डा, शास्त्री नगर मेडिकल और लाल कुर्ती आदि इलाकों में स्थानीय लोगों और व्यापारियों को जलभराव का सामना करना पड़ा। बारिश ने नगर निगम की पोल खोलकर रख दी है।
सीजन में सबसे ज्यादा बारिश
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला के प्रभारी अशोक गुप्ता का कहना है कि इस सीजन में सबसे ज्यादा 119 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह जून माह में अब तक की सबसे ज्यादा बारिश है। चूंकि जून के आखिरी दिन सुबह से शाम तक बारिश होगी, इसलिए पिछला रिकॉर्ड भी टूट जाएगा। आगे भी बारिश का मौसम इसी तरह जारी रहेगा।