उत्तर थाना पुलिस ने टप्पेबाजी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। शुक्रवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जबकि उनके दो साथियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को क्षेत्र में टप्पेबाजी की घटनाओं को लेकर लगातार इनपुट मिल रहे थे। इसी आधार पर चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसके दौरान संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की।मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दो अन्य आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी और टप्पेबाजी से जुड़े कई सामान बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह कई जिलों में सक्रिय था और भीड़भाड़ वाले इलाकों में वारदातों को अंजाम देता था।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

