आसमान से बरस रही आग, जमीन पर सूख रही सांसें, जानें आपके शहर में गर्मी से कब मिलेगी राहत
बरेली में पश्चिमी विक्षोभ थम जाने के बाद अब तेज धूप निकल रही है, जिससे गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि दो दिन में दिन का तापमान 40 डिग्री को पार कर जाएगा। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य स्तर 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में आसमान से आग बरस रही थी और रात में भी लोग गर्मी से परेशान रहे।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के अनुसार करीब एक सप्ताह से छाए बादलों के कारण लोगों को धूप से राहत मिली है। अब पश्चिमी हवाओं का प्रवेश बंद हो जाने से बादलों का जमावड़ा रुक गया है। जिसके कारण तापमान बढ़ रहा है। दो दिन में तापमान दो से चार डिग्री तक बढ़ सकता है।
14 मई से लोगों को गर्म हवा या लू का भी सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल तापमान में कमी आने की कोई उम्मीद नहीं है। रविवार को न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 25 प्रतिशत की गिरावट के बाद 46 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई।
रात में लो वोल्टेज और दिन में ट्रिपिंग से परेशानी
गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली संकट भी शुरू हो गया है। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय फॉल्ट के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित होने के साथ-साथ कम वोल्टेज और ट्रिपिंग भी समस्या पैदा कर रही है। रविवार को शहर के कई इलाकों में ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार रात हरुनगला, शाहदाना और जगतपुर सबस्टेशन से जुड़े इलाकों में लो वोल्टेज की समस्या रही। लोकल फॉल्ट के कारण सिविल लाइंस उपकेंद्र से जुड़े भटनागर कॉलोनी, डॉक्टर्स कॉलोनी, जेल रोड, शराब गोदाम, सिकलापुरी में दोपहर दो से तीन बजे तक बिजली गुल रही। आपूर्ति बहाल होने के बाद ट्रिपिंग के कारण दिक्कतें आईं। जगतपुर, दुर्गानगर और शाहदाना उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में स्थानीय खराबी के कारण यह आपात स्थिति उत्पन्न हुई।

