चढ़ावा चोरी मामले में FIR दर्ज, 8 आरोपी नामजद; वीडियो में देंखे चंपत राय के इस्तीफे की खबर का खंडन
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने गुरुवार को एफआईआर दर्ज कराई है। ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन ने विशेष जांच दल (SIT) की शुरुआती रिपोर्ट के आधार पर यह मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में कुल आठ लोगों को आरोपी बनाया गया है।
SIT की रिपोर्ट के बाद हुई कार्रवाई
चढ़ावा चोरी के आरोपों की जांच के लिए 13 जून को एसआईटी का गठन किया गया था। जांच पूरी करने के बाद एसआईटी ने 23 जून को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सरकार को सौंप दी। इसी रिपोर्ट के आधार पर ट्रस्ट ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
एफआईआर में इन 8 लोगों के नाम शामिल
एफआईआर में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के ड्राइवर रामशंकर यादव (टिन्नू), लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, अविनाश शुक्ला, मनीष यादव, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष चंद्र श्रीवास्तव और करुणेश पांडेय को आरोपी बनाया गया है। हालांकि, इस एफआईआर में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का नाम शामिल नहीं है।
चंपत राय के इस्तीफे की खबर निकली गलत
इसी बीच मीडिया में यह खबर भी सामने आई कि चंपत राय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, राम मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव ने इन खबरों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया कि चंपत राय ने कोई इस्तीफा नहीं दिया है और उनके पद छोड़ने की खबर पूरी तरह निराधार है।
जांच जारी, आगे हो सकती है कार्रवाई
फिलहाल पुलिस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। एसआईटी की रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि कथित अनियमितताओं में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।

