लखनऊ के महानगर इलाके में सोमवार रात पुलिस ने एक फर्जी IPS अधिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को नोएडा का IPS अफसर बताकर लोगों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने गोल चौराहे के पास एक दुकान से 40 रुपए का बन खाया और उसके बाद वहां से फोरव्हीलर वाहन में बैठकर जाने लगा। इसी दौरान पुलिस को उस पर शक हुआ और टीम ने उसे रोक लिया।
पुलिसकर्मियों द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी ने खुद को IPS अधिकारी बताते हुए कहा कि वह नोएडा से आया है और उसे सैल्यूट किया जाना चाहिए। उसके व्यवहार और जवाबों पर संदेह होने पर पुलिस ने उसकी गहन जांच की।
जांच में सामने आया कि आरोपी का IPS या किसी भी पुलिस सेवा से कोई संबंध नहीं है और वह फर्जी पहचान के जरिए लोगों पर रौब जमाने की कोशिश कर रहा था।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उसके वाहन और दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के फर्जीवाड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि कोई भी व्यक्ति पुलिस या प्रशासनिक अधिकारी बनकर लोगों को गुमराह न कर सके।

