नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर फैक्ट्री कर्मचारियों का उग्र प्रदर्शन, फुटेज में देंखे कई इलाकों में हिंसा और तोड़फोड़
उत्तर प्रदेश के औद्योगिक शहर Noida में सोमवार सुबह वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर चल रहा फैक्ट्री कर्मचारियों का प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया। लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे कर्मचारी उस समय उग्र हो गए जब उनकी बातों पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
प्रदर्शन की शुरुआत नोएडा के फेज-2 इलाके से हुई, जहां बड़ी संख्या में फैक्ट्री कर्मचारियों ने सड़कों पर उतरकर नारेबाजी की। कुछ ही देर में स्थिति बेकाबू हो गई और प्रदर्शनकारियों ने पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान कई वाहनों और बसों में आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ी को पलट दिया। हालात बिगड़ते देख कई थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।तनाव बढ़ने के बाद फेज-2 जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई और सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया। इसके बावजूद प्रदर्शन धीरे-धीरे नोएडा के कई औद्योगिक क्षेत्रों में फैल गया।
सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने सेक्टर 1, 15, 62 और DND फ्लाइओवर के पास सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। वहीं सेक्टर 40 और 60 में कर्मचारियों ने विभिन्न कंपनियों का घेराव किया और विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया।स्थिति और अधिक गंभीर तब हो गई जब सेक्टर 85 में कर्मचारियों ने एक कंपनी परिसर में जबरन घुसने की कोशिश की। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो प्रदर्शनकारियों ने पथराव कर दिया।
इसके अलावा सेक्टर 57 में एक फैक्ट्री के अंदर तोफोड़ की घटना भी सामने आई है, जिससे संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और पुलिस लगातार स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है।प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की और हिंसा को रोका जा सके।फिलहाल पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं। हालांकि, कई जगहों पर अभी भी तनाव बना हुआ है और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

