बलिया में वफादारी की मिसाल: कोबरा से भिड़ गया लैब्राडोर, परिवार को बचाकर दी जान
जिले में एक पालतू कुत्ते ने अपने मालिक के परिवार की सुरक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान कर वफादारी की मिसाल पेश की है। एक लैब्राडोर कुत्ता घर के बाहर आए जहरीले कोबरा से भिड़ गया और परिवार को खतरे से बचा लिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में कुत्ते की बहादुरी की चर्चा हो रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार देर रात करीब 2 बजे की है। घर के बाहर अचानक एक कोबरा दिखाई दिया। सांप फन फैलाकर फुफकार रहा था। खतरे को भांपते हुए घर में मौजूद लैब्राडोर कुत्ता लगातार जोर-जोर से भौंकने लगा।
कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनकर परिवार के लोगों की नींद खुल गई। इसी बीच कोबरा ने कुत्ते पर हमला कर दिया। परिवार को बचाने के लिए कुत्ता सांप से भिड़ गया और उसने कोबरा को दबोच लिया। दोनों के बीच काफी देर तक संघर्ष चलता रहा। इस दौरान कोबरा ने कुत्ते को डस लिया, लेकिन कुत्ते ने भी हार नहीं मानी और सांप को पकड़कर रखा। इस लड़ाई में आखिरकार कुत्ते की मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार के लोग भावुक हो गए। उनका कहना है कि अगर कुत्ता समय रहते खतरे को नहीं पहचानता और भौंककर उन्हें नहीं जगाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। परिवार ने अपने पालतू कुत्ते की बहादुरी को याद करते हुए उसे श्रद्धांजलि दी।स्थानीय लोगों के अनुसार, लैब्राडोर कुत्ता कई वर्षों से परिवार के साथ रह रहा था और बेहद वफादार था। उसकी सतर्कता और साहस के कारण परिवार के सदस्यों की जान बच सकी।
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग भी परिवार के घर पहुंचे और कुत्ते की बहादुरी की सराहना की। लोगों का कहना है कि जानवर भी अपने मालिकों के प्रति गहरा लगाव रखते हैं और जरूरत पड़ने पर अपनी जान तक दांव पर लगा देते हैं।फिलहाल यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। लैब्राडोर की वफादारी और साहस ने एक बार फिर साबित कर दिया कि इंसान और पालतू जानवरों के बीच का रिश्ता कितना मजबूत होता है।

