शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर SOG और बदमाशों के बीच मुठभेड़, वीडियो में देंखे दो सिपाही घायल; गांव में छिपे अपराधियों की तलाश जारी
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाशों की गोली लगने से इटावा स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के दो सिपाही घायल हो गए। दोनों जवानों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे हुई। घायल सिपाहियों की पहचान डेविड चौहान और पुष्पेंद्र के रूप में हुई है। एक जवान के पेट में गोली लगी है, जबकि दूसरे के कंधे में गोली लगी है।
ट्रेन में बदमाशों के होने की मिली थी सूचना
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इटावा SOG को सूचना मिली थी कि गाजियाबाद से झारखंड जा रही संबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन में दो संदिग्ध बदमाश सफर कर रहे हैं।सूचना मिलते ही SOG की टीम ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की घेराबंदी कर दी। जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर पहुंची, पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों आरोपी ट्रेन से उतरकर भागने लगे।
घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने की फायरिंग
पुलिस ने बताया कि जब SOG टीम ने बदमाशों की घेराबंदी की तो उन्होंने अचानक पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोली लगने से दो सिपाही घायल हो गए।इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, लेकिन दोनों बदमाश मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस ने उनका करीब एक किलोमीटर तक पीछा किया।
नगला गांव में छिपे बदमाश, कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी
भागते हुए दोनों बदमाश नगला गांव की ओर चले गए और वहां जाकर छिप गए। इसके बाद पुलिस ने पूरे गांव की चारों तरफ से घेराबंदी कर दी।फिलहाल पुलिस और सुरक्षा टीमें गांव में कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही हैं। बदमाशों की तलाश के लिए लगातार सर्च अभियान जारी है। पुलिस आसपास के इलाकों में भी निगरानी कर रही है।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
मुठभेड़ के बाद रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है।अधिकारियों का कहना है कि फरार बदमाशों को जल्द पकड़ने के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस बदमाशों की पहचान और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।फिलहाल घायल जवानों का इलाज जारी है और पुलिस की टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हुई हैं।

