शादी को आठ साल... पति ने निगला जहर, पत्नी पेड़ में फंदा बनाकर लटकी, दोनों की हालत गंभीर

हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार सुबह घरेलू कलह के चलते युवक ने जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए। उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। उधर, इस घटना के बाद युवक की पत्नी ने भी घर के पास ही पेड़ से फांसी लगा ली। समय रहते परिजन उसे फांसी से नीचे उतारकर अस्पताल ले गए। उसका इलाज चल रहा है। यह मामला हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। गांव निवासी युवक की शादी करीब आठ साल पहले हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। युवक मजदूरी करता है। ग्रामीणों के मुताबिक दंपती के बीच पिछले कई दिनों से घरेलू कलह चल रही थी। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे घरेलू कलह के चलते युवक ने घर में रखा कीटनाशक खा लिया, जिसके बाद युवक की तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में परिजन युवक को अस्पताल ले गए। समय पर इलाज मिलने से युवक की जान बच गई। उधर, मंगलवार शाम करीब सात बजे युवक की पत्नी ने घर के पीछे खेत में जाकर वहां खड़े पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह देख घर के आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला को नीचे उतारा। इसके बाद महिला को गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले जाया गया। पाकबड़ा के एक अस्पताल में भर्ती महिला की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।