Samachar Nama
×

फायरिंग रेंज में अभ्यास के दौरान चली गोली, खेत में काम कर रहे किसान को लगी

फायरिंग रेंज में अभ्यास के दौरान चली गोली, खेत में काम कर रहे किसान को लगी

फायरिंग रेंज में अभ्यास के दौरान खेत में सिंचाई कर रहे किसान ओमराज सिंह (65) के हाथ में गोली लग गई। गोली लगते ही वह अचेत होकर खेत में गिर पड़े। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छजलैट क्षेत्र के मतलबपुर में फायरिंग रेंज है। यहां सप्ताह में तीन दिन सोमवार, मंगलवार और बुधवार को पीएसी के जवान फायरिंग का अभ्यास करते हैं। सोमवार को भी यहां फायरिंग का प्रशिक्षण चल रहा था। इसी दौरान गोली फायरिंग रेंज से बाहर निकलकर दो किलोमीटर दूर अपने खेत में सिंचाई कर रहे किसान ओमराज सिंह (65) निवासी खलीलपुर कदीम थाना कांठ के हाथ में लग गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। खेत में मौजूद उनके बेटे सनी कुमार ने दौड़कर घायल पिता को उठाया। सूचना मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। परिजन घायल को पहले फायरिंग रेंज ले गए और फिर कांठ थाने ले गए। जहां से पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए सीएचसी भेज दिया। लेकिन गोली हाथ में फंसी होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

किसानों ने घटना पर जताई नाराजगी

किसानों ने घटना पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि इस समय खेतों में खड़ी फसलें सूख रही हैं। वे दिन-रात पानी देकर फसलों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। किसानों की समस्या को ध्यान में रखते हुए फायरिंग की ट्रेनिंग तीन दिन की जगह सप्ताह में एक दिन दी जानी चाहिए। इसके अलावा किसानों ने अंडरग्राउंड फायरिंग रेंज बनाने की मांग की है। क्योंकि पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं।

Share this story

Tags