Samachar Nama
×

यूपी में नशे में पिता ने बेटों की जान ली, प्रयागराज में चाकू के बाद डंबल से हत्या; औरैया में पीट-पीटकर मार डाला

यूपी में नशे में पिता ने बेटों की जान ली, प्रयागराज में चाकू के बाद डंबल से हत्या; औरैया में पीट-पीटकर मार डाला

उत्तर प्रदेश में दो अलग-अलग जिलों में पिता द्वारा अपने बेटों की हत्या करने के मामले सामने आए हैं। प्रयागराज और औरैया में हुई इन घटनाओं में दोनों मामलों में आरोपी पिता के नशे में होने की बात सामने आई है। प्रयागराज में पिता ने 18 वर्षीय बेटे पर पहले चाकू से हमला किया और इसके बाद डंबल से वार कर उसकी जान ले ली। वहीं, औरैया में एक पिता ने 15 वर्षीय बेटे को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। बाद में आरोपी ने चूहे मारने की दवा खाकर जान देने की कोशिश की।

प्रयागराज के करछना थाना क्षेत्र के कैथी गांव में मंगलवार दोपहर यह घटना हुई। पुलिस के मुताबिक, 18 वर्षीय अभिषेक की पड़ोस के एक युवक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसकी जानकारी जब उसके पिता रघुनंदन द्विवेदी को हुई तो वह कथित तौर पर नशे की हालत में गुस्से में आ गया। उसने घर के बरामदे में बेटे पर चाकू से हमला किया। इसके बाद घर में रखा डंबल उठाकर बेटे के सीने पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

दूसरी घटना औरैया के सहार थाना क्षेत्र के पूर्वा सोमवंशी गांव की है। यहां 45 वर्षीय उम्मेद सिंह पर अपने 15 वर्षीय बेटे रिशु की डंडे से पीटकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार देर रात हुई। बताया गया कि पिता-पुत्र के बीच रुपये को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद शराब के नशे में उम्मेद ने बेटे की पिटाई शुरू कर दी। गंभीर चोट लगने से किशोर की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। आरोपी ने पुलिस को बताया कि नशा उतरने के बाद उसे बेटे की मौत का पता चला, जिसके बाद उसने चूहे मारने की दवा खा ली थी। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

Share this story

Tags