गोरखपुर में DRI की बड़ी कार्रवाई: 5.88 करोड़ की चरस के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, दो महिलाएं भी शामिल
डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने गोरखपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने 5.88 करोड़ रुपये की चरस के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।
अमरनाथ एक्सप्रेस में कर रहे थे तस्करी
DRI के मुताबिक, तीनों आरोपी अमरनाथ एक्सप्रेस से बिहार से पंजाब जा रहे थे। टीम को इनके जरिए चरस की तस्करी किए जाने की सूचना मिली थी।तलाशी के दौरान DRI अधिकारियों ने तीनों को पकड़ लिया और उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में चरस बरामद की।
महिलाओं ने जांघों के पास छिपा रखी थी चरस
तस्करी के तरीके ने जांच अधिकारियों को भी चौंका दिया। आरोप है कि दोनों महिलाओं ने चरस को जांघों के पास छिपाकर रखा था, ताकि तलाशी के दौरान मादक पदार्थ का पता न चल सके।DRI ने चरस को जब्त करने के साथ तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पंजाब में सप्लाई करने की थी तैयारी
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आरोपी बिहार से चरस लेकर पंजाब जा रहे थे। आशंका है कि इसे पंजाब में सप्लाई किया जाना था। DRI अब यह पता लगाने में जुटी है कि चरस कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा था। मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

