डॉ. दिनेश शर्मा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल नियुक्त
उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। नियुक्ति के बाद डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार और नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है।
डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि नेतृत्व ने जो निर्णय लिया है, उसका वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि वह नई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे और केंद्र सरकार की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
डॉ. दिनेश शर्मा उत्तर प्रदेश की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे हैं। वह लखनऊ के मेयर भी रह चुके हैं और वर्ष 2017 से 2022 तक उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पद पर रहे। भारतीय जनता पार्टी में उनकी संगठनात्मक भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल के रूप में उनकी नियुक्ति को केंद्र सरकार की ओर से एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारी के तौर पर देखा जा रहा है।

