Samachar Nama
×

यूपी में नौतपा बना आफत: वीडियो में जाने आंधी-तूफान और बारिश से 12 की मौत, कई जिलों में भारी तबाही

यूपी में नौतपा बना आफत: वीडियो में जाने आंधी-तूफान और बारिश से 12 की मौत, कई जिलों में भारी तबाही

उत्तर प्रदेश में इस बार नौतपा के दौरान भीषण गर्मी की जगह बारिश, आंधी और तूफान का दौर जारी है। नौतपा के पांचवें दिन शुक्रवार तड़के लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज समेत 20 से ज्यादा जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई, जिससे भारी नुकसान हुआ।सहारनपुर में ओलावृष्टि हुई, जबकि कई जिलों में पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए। तेज तूफान के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। जगह-जगह बिजली आपूर्ति बाधित रही और सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई।

झांसी में तेज हवाओं के चलते करीब 5 क्विंटल वजनी यूनिपोल उखड़कर गिर गया। वहीं कई जगह रेलवे ट्रैक पर बिजली के तार गिरने से ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। रेलवे प्रशासन को कई रूटों पर ट्रेनों की गति धीमी करनी पड़ी।सहारनपुर में पहाड़ी इलाकों से आए पानी के तेज बहाव ने भारी तबाही मचाई। यहां एक दर्जन से ज्यादा गाड़ियां पानी में बह गईं। कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

तेज आंधी और खराब मौसम की वजह से प्रदेश में अब तक 12 लोगों की मौत की खबर है। हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से 6 मजदूरों की जान चली गई। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य देर रात तक चलता रहा।वहीं कौशांबी में कच्चे मकान पर पेड़ गिरने से मां, बेटे और बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। इसके अलावा प्रतापगढ़ और सहारनपुर में भी एक-एक महिला की जान चली गई।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण प्रदेश का मौसम अचानक बदल गया है। अगले 24 घंटों तक कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और पेड़ों तथा कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी है। राहत और बचाव टीमें प्रभावित इलाकों में लगातार काम कर रही हैं।

Share this story

Tags