Samachar Nama
×

मथुरा में शिलान्यास कार्यक्रम के बाद हरियाणवी डांस पर विवाद, वीडियो वायरल; भाजपा ने कार्यक्रम से बनाई दूरी

मथुरा में शिलान्यास कार्यक्रम के बाद हरियाणवी डांस पर विवाद, वीडियो वायरल; भाजपा ने कार्यक्रम से बनाई दूरी

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में भाजपा विधायक मेघश्याम सिंह के एक कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वायरल वीडियो में मंच पर हरियाणवी डांसर प्रस्तुति देती नजर आ रही हैं, जबकि कार्यक्रम में मौजूद लोग उन पर नोट उड़ाते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान मंच के सामने विकास परियोजनाओं के शिलान्यास से जुड़े पत्थर भी रखे दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, गोवर्धन विधानसभा से भाजपा विधायक मेघश्याम सिंह ने 1 अगस्त को जानू गांव में करीब ढाई करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया था। कार्यक्रम के दौरान लोगों के मनोरंजन के लिए हरियाणवी डांसर संजना चौधरी और भावना भाटी को आमंत्रित किया गया था।

वायरल वीडियो में डांस और नोट उड़ाते दिखे लोग

सोमवार को सामने आए कई वीडियो में दो हरियाणवी डांसर मंच पर प्रस्तुति देती नजर आ रही हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवक, महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। वीडियो में कुछ लोग मंच के पास पहुंचकर डांसरों के साथ डांस करते भी दिखाई दे रहे हैं।वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि कुछ लोग कलाकारों पर नोटों की गड्डियां उड़ाते नजर आ रहे हैं। वहीं, कई युवक पूरे कार्यक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड करते दिखाई दिए। कुछ बच्चे भी मंच पर चढ़ गए और कार्यक्रम का हिस्सा बनते नजर आए।

डीजे पर बजे आपत्तिजनक गाने

वायरल वीडियो में मंच पर लगे डीजे सिस्टम पर कई आपत्तिजनक और अश्लील गीत बजने का भी दावा किया जा रहा है। इसे लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कार्यक्रम के दौरान मंच के सामने शिलान्यास से जुड़े पत्थर रखे होने के कारण भी यह आयोजन चर्चा का विषय बना हुआ है।

भाजपा ने कार्यक्रम से किया किनारा

विवाद बढ़ने के बाद भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर यादव ने कहा कि यह न तो पार्टी का आधिकारिक कार्यक्रम था और न ही इसे भाजपा की ओर से आयोजित किया गया था।उन्होंने कहा कि यह आयोजन स्थानीय लोगों द्वारा कराया गया था। पार्टी का इससे कोई लेना-देना नहीं है। फिलहाल इस मामले को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं और वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किए जा रहे हैं।हालांकि, इस पूरे मामले में विधायक मेघश्याम सिंह की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Share this story

Tags