केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद दिल्ली सरकार Delhi ने कमर्शियल एलपीजी आवंटन में संशोधन करते हुए आपूर्ति बढ़ाने का फैसला लिया है। पहले लिए गए 50% आवंटन के निर्णय में अतिरिक्त 20% की बढ़ोतरी की गई है, जिससे कुल आपूर्ति अब सामान्य स्तर के करीब 70% तक पहुंच गई है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 19 किलो वाले 6,300 एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। जबकि सामान्य परिस्थितियों में इस श्रेणी के लगभग 9,000 सिलेंडरों की दैनिक खपत होती है।
सरकारी अधिकारियों का कहना है कि यह कदम व्यावसायिक गतिविधियों को स्थिर रखने और बाजार में गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति में सुधार से होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यवसायों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो पिछले कुछ समय से सप्लाई में कमी के कारण प्रभावित हो रहे थे।
प्रशासन का मानना है कि इस बढ़ोतरी से बाजार में चल रही अस्थिरता को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और धीरे-धीरे सप्लाई को सामान्य स्तर पर लाने की दिशा में काम किया जाएगा।
हालांकि, अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी आपूर्ति बढ़ाने के उपाय किए जाएंगे।

