ललितपुर में हादसा: छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव की कार हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई, अस्पताल में भर्ती
उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में बुधवार को एक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव घायल हो गए। उनकी इनोवा कार हाईवे पर खड़े एक ट्रक से जा टकराई।हादसा बुधवार दोपहर का बताया जा रहा है। टक्कर इतनी तेज थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया
हादसे में घायल किरण सिंह देव को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
हाईवे पर खड़े ट्रक से हुई टक्कर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किरण सिंह देव की इनोवा कार हाईवे पर खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मौके की जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि ट्रक सड़क पर किस परिस्थिति में खड़ा था।
भाजपा कार्यकर्ताओं में चिंता
किरण सिंह देव के हादसे की खबर सामने आते ही छत्तीसगढ़ भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता फैल गई। कई नेताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। फिलहाल, उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है। पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जांच जारी है।

