प्रदेश सरकार पर चंद्रशेखर का हमला, योगीराज में आरोपी सो रहे एसी में, न्याय के लिए भटक रहे पीड़ित

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने सोमवार को प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि योगीराज में आरोपी एसी कमरों में सो रहे हैं, जबकि पीड़ित न्याय के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ में मीट व्यापारियों पर हुआ जानलेवा हमला निंदनीय और चिंताजनक है।
अलीगढ़ के कुआर्सी में गठबंधन भोज में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में दलितों, पिछड़ों, मुसलमानों और अन्य धर्मों के लोगों पर लगातार हमले हो रहे हैं। आरोपी एसी कमरों में सो रहे हैं, जबकि पीड़ित न्याय के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हर दिन बहन-बेटियों का अपमान हो रहा है। उन्हें पीटा और जलाया जा रहा है। कमज़ोर लोगों को पीटा जा रहा है और पेड़ों से लटका दिया जा रहा है। पूर्व मंत्री महेंद्र चौधरी के बेटों पर झूठा मामला दर्ज किया गया। पुलिस को निष्पक्षता से काम करना चाहिए था। पीड़ित परिवार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, जो चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि चार मुस्लिम मांस व्यापारियों की पिटाई की गई। यह बात किसी से छिपी नहीं है, जब उसने मांस से संबंधित एक घटना को अंजाम दिया था, जिसे उसने हमलावरों को भी दिखाया था। इसके बावजूद भीड़ ने उन पर हमला कर दिया। यह घटना पुलिस की मौजूदगी में घटी। उन्होंने जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती पीड़ितों और उनके परिजनों का भी हालचाल पूछा। कहा कि वे प्रशासन से जांच व कार्रवाई की मांग करेंगे। यदि भीड़ हिंसा नहीं रुकी तो किसी की भी जान खतरे में पड़ सकती है। यह लोकतंत्र पर हमला है और इस पर चुप रहना इसे बढ़ावा देना है।