Samachar Nama
×

रामपुर में ओवरब्रिज से नीचे गिरी बोलेरो, 4 दोस्तों की मौत; 100 मीटर के दायरे में बिखरे शव

रामपुर में ओवरब्रिज से नीचे गिरी बोलेरो, 4 दोस्तों की मौत; 100 मीटर के दायरे में बिखरे शव

उत्तर प्रदेश के रामपुर में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई। तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज से करीब 30 फीट नीचे खेत में जा गिरी। हादसा इतना जबरदस्त था कि गाड़ी में सवार चारों युवक उछलकर दूर-दूर जा गिरे। उनके शव करीब 100 मीटर के दायरे में अलग-अलग जगह पड़े मिले।

हादसा शहजादनगर थाना क्षेत्र के दुर्गनगला के पास हुआ। बोलेरो में सवार चारों युवक सीतापुर जिले के बिसवां कस्बे के रहने वाले थे। उनकी पहचान सुनील पोरवाल, अभिषेक शुक्ल, निलेश मिश्र और रामजीवन यादव के रूप में हुई है। चारों दोस्त थे और लकड़ी के कारोबार से जुड़े हुए थे।

जानकारी के मुताबिक, चारों युवक कारोबार के सिलसिले में मुरादाबाद गए थे। वहां से सोमवार शाम को बोलेरो से सीतापुर लौट रहे थे। इसी दौरान दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर उनकी गाड़ी ओवरब्रिज से गुजरते समय अनियंत्रित हो गई और करीब 30 फीट नीचे खेत में जा गिरी।

हादसे में बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि चारों युवक गाड़ी से बाहर जा गिरे। तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामजीवन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इंजन से निकल रहा था धुआं, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड

हादसे की सूचना मिलते ही शहजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। बोलेरो के इंजन से काफी देर तक धुआं निकलता रहा। आग लगने की आशंका को देखते हुए फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। टीम ने इंजन पर पानी डालकर उसे ठंडा किया।

पुलिस ने वाहन के नंबर के आधार पर उसके मालिक की जानकारी जुटाई और परिजनों से संपर्क किया। हादसे की खबर मिलने के बाद मृतकों के परिवार वाले रामपुर के लिए रवाना हो गए। चारों दोस्तों की एक साथ मौत की खबर से सीतापुर के बिसवां में शोक का माहौल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share this story

Tags