Gen Z को साधने में जुटी BJP, विनोद तावड़े बोले- युवाओं से सिर्फ कहें नहीं, उनकी बात भी सुनें
पेपर लीक से जुड़े मुद्दे को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए युवाओं के प्रदर्शन के बाद भारतीय जनता पार्टी ने Gen Z यानी नई युवा पीढ़ी से संवाद बढ़ाने पर जोर दिया है। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच पार्टी संगठन सोशल मीडिया के जरिए युवाओं तक पहुंच बनाने की रणनीति पर काम कर रहा है। इसी सिलसिले में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने वाराणसी में पार्टी की सोशल मीडिया कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को युवाओं से लगातार संवाद बनाए रखने की बात कही।
तावड़े ने कहा कि आज का दौर केवल युवाओं को अपनी बात बताने का नहीं, बल्कि उनकी बात सुनने का भी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर युवाओं के साथ संवाद बढ़ाने और सोशल मीडिया को जनता से जुड़ने के प्रभावी माध्यम के तौर पर इस्तेमाल करने को कहा।
2014 से पहले की वाराणसी की तस्वीर दिखाने पर जोर
वाराणसी में आयोजित कार्यशाला में तावड़े ने कहा कि वर्ष 2000 के बाद पैदा हुई पीढ़ी ने 2014 से पहले की सरकारों के दौर को प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखा है। ऐसे में युवाओं को 2014 से पहले और उसके बाद वाराणसी में हुए बदलावों की जानकारी तथ्यों के आधार पर दी जानी चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसी सामग्री साझा की जाए, जिसमें काशी में हुए विकास कार्यों और बदलावों की जानकारी सामने आए। फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर पार्टी की बात युवाओं तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
सोशल मीडिया पर तथ्यों के साथ जवाब देने की बात
तावड़े ने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर विपक्ष के दावों और आरोपों का जवाब तथ्यों के आधार पर देने को कहा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया अब केवल उपस्थिति दर्ज कराने का माध्यम नहीं है, बल्कि जनता से सीधे जुड़ने और अपनी बात रखने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे केवल दूसरे पक्ष के बनाए नैरेटिव का जवाब देने तक सीमित न रहें, बल्कि तथ्यों के आधार पर अपनी बात भी तैयार करें और उसे डिजिटल माध्यमों से लोगों तक पहुंचाएं।
काशी के विकास कार्यों की जानकारी साझा की गई
कार्यशाला के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय सोशल मीडिया विभाग से जुड़े हर्ष चतुर्वेदी ने काशी के विकास कार्यों पर प्रस्तुतीकरण दिया। इसमें बताया गया कि वर्ष 2014 से जून 2026 तक काशी में 61 हजार करोड़ रुपये से अधिक की 727 परियोजनाओं में से 536 पूरी हो चुकी हैं, जबकि 191 परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
सोशल मीडिया रणनीति को लेकर कंटेंट, क्रिएटिविटी और कंटीन्यूटी यानी विषय, रचनात्मकता और निरंतरता को महत्वपूर्ण बताया गया। कार्यकर्ताओं को अलग-अलग डिजिटल प्लेटफॉर्म की प्रकृति और बदलते सोशल मीडिया ट्रेंड के बारे में भी जानकारी दी गई।
युवाओं से सीधे संवाद की रणनीति
भाजपा की यह पहल ऐसे समय में सामने आई है, जब Gen Z की राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर डिजिटल सक्रियता चर्चा में है। जंतर-मंतर पर हुए हालिया युवा प्रदर्शन में भी सोशल मीडिया की भूमिका सामने आई थी।
उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों के बीच भाजपा अब युवाओं तक पहुंचने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म को संगठनात्मक रणनीति का अहम हिस्सा बना रही है। वाराणसी की कार्यशाला में दिए गए संदेश में युवाओं को केवल पार्टी की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देने के साथ-साथ उनसे संवाद करने और उनकी बात सुनने पर भी जोर दिया गया।

