Bareilly में सात साल की बच्ची से की थी दुष्कर्म की कोशिश, आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में शनिवार रात सात साल की बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास किया गया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर रविवार को बच्ची का मेडिकल चेकअप कराया। घटना के बाद आरोपी भाग गया। पुलिस ने उसके पैर में गोली मारकर मुठभेड़ में उसे पकड़ लिया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला ने रविवार सुबह पुलिस को लिखित शिकायत देकर बताया कि वह शाम को ईद पर अपने पति से मिलने गई थी। इलाके में किराए पर रहने वाला युवक उसकी बेटी को अपने कमरे में ले गया। वहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला ने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। सभी लोग आरोपी के कमरे पर पहुंचे। आरोपी वहां से भाग गया। सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है। पीड़िता और आरोपी एक ही समुदाय के हैं। बारादरी थाने के प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि रात में पुलिस ने 99 बीघा मैदान के पास रफीक को पकड़ने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। उसने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो रफीक के बाएं पैर में गोली लग गई। आरोपी के पास से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद हुए हैं। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।