Samachar Nama
×

2027 चुनाव की तैयारी में जुटी आजाद समाज पार्टी, वीडियो में जाने चंद्रशेखर आजाद ने जारी की 45 विधानसभा प्रभारियों की पहली सूची

2027 चुनाव की तैयारी में जुटी आजाद समाज पार्टी, वीडियो में जाने चंद्रशेखर आजाद ने जारी की 45 विधानसभा प्रभारियों की पहली सूची

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने शुक्रवार को चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज करते हुए 45 विधानसभा प्रभारियों की पहली सूची जारी कर दी। इस सूची के जरिए पार्टी ने संगठन को बूथ और विधानसभा स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। जारी सूची में कई नए और अनुभवी चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूर्व आईपीएस अधिकारी आदित्य प्रकाश वर्मा को हाथरस (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है, जबकि अलीगढ़ की छर्रा विधानसभा सीट की जिम्मेदारी पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह को सौंपी गई है।

सामाजिक समीकरण पर खास फोकस

आजाद समाज पार्टी की पहली सूची में सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश साफ दिखाई देती है। पार्टी ने 18 दलित, 16 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), 10 मुस्लिम और 1 सिख समुदाय से जुड़े नेताओं को विधानसभा प्रभारी बनाया है।हालांकि, सूची में ब्राह्मण और ठाकुर समाज से किसी भी नेता को जगह नहीं दी गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह फैसला पार्टी की बहुजन और दलित केंद्रित राजनीति को और मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है।

बसपा से बढ़ेगी सीधी राजनीतिक टक्कर

चंद्रशेखर आजाद का यह कदम ऐसे समय आया है, जब बहुजन समाज पार्टी (बसपा) भी विधानसभा स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए प्रभारियों की नियुक्ति कर रही है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में दलित और बहुजन वोट बैंक को लेकर दोनों दलों के बीच सीधी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आजाद समाज पार्टी लगातार प्रदेश में अपना जनाधार बढ़ाने की कोशिश कर रही है और विधानसभा प्रभारियों की नियुक्ति इसी रणनीति का हिस्सा है।

संगठन विस्तार पर रहेगा जोर

पार्टी सूत्रों के अनुसार, विधानसभा प्रभारियों की जिम्मेदारी केवल चुनावी तैयारियों तक सीमित नहीं होगी। उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन का विस्तार, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ना, स्थानीय मुद्दों को उठाना और बूथ स्तर तक पार्टी की पहुंच मजबूत करने की जिम्मेदारी भी दी जाएगी।आने वाले समय में पार्टी अन्य विधानसभा क्षेत्रों के लिए भी प्रभारियों की नई सूची जारी कर सकती है।

2027 चुनाव पर सभी दलों की नजर

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में अभी समय है, लेकिन प्रदेश की प्रमुख राजनीतिक पार्टियों ने अभी से अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। भाजपा, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, बसपा और आजाद समाज पार्टी सहित सभी दल संगठन विस्तार और सामाजिक समीकरणों को साधने में जुटे हैं।चंद्रशेखर आजाद द्वारा जारी की गई पहली सूची को इसी चुनावी रणनीति का शुरुआती कदम माना जा रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी अपने संगठनात्मक ढांचे को कितना मजबूत कर पाती है और आगामी चुनाव में इसका राजनीतिक असर कितना दिखाई देता है।

Share this story

Tags