Samachar Nama
×

वाराणसी में असलहा तस्करों को पकड़ने गए ATS से प्रशिक्षित सिपाही को मारी गोली, तीन जगह हुआ हमला; एक आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी में असलहा तस्करों को पकड़ने गए ATS से प्रशिक्षित सिपाही को मारी गोली, तीन जगह हुआ हमला; एक आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में असलहा तस्करों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। शुक्रवार रात लंका थाना क्षेत्र के नरिया-सुंदरपुर मार्ग स्थित आशुतोष नगर कॉलोनी में हुई इस घटना में कांस्टेबल अमित शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में तीन गोलियां लगीं। घायल सिपाही को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस अधिकारियों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है।

मुखबिर की सूचना पर दबिश देने पहुंची थी टीम

जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आशुतोष नगर इलाके में कुछ असलहा तस्कर किसी को हथियार सप्लाई करने वाले हैं। इसके बाद लंका थाने की क्राइम टीम के चार पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में मौके पर पहुंचे। टीम में कांस्टेबल अमित शुक्ला भी शामिल थे।बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों ने दो संदिग्धों को पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से अमित शुक्ला घायल होकर गिर पड़े। अचानक हुई फायरिंग से पुलिस टीम में अफरा-तफरी मच गई। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें संभाला और अस्पताल पहुंचाया।

मुठभेड़ में एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

सिपाही पर फायरिंग के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। रात करीब 10:15 बजे लंका थाना क्षेत्र के लोटूबीर मंदिर के पास पुलिस और संदिग्धों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में राज विश्वकर्मा नाम के एक आरोपी के पैर में गोली लगी। उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद होने की जानकारी सामने आई है।पुलिस के मुताबिक, इस मामले में दूसरा आरोपी अंजनी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

पुलिस कमिश्नर ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और घायल सिपाही के उपचार की जानकारी ली। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस की मदद से फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।इस घटना के बाद वाराणसी पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फायरिंग में कौन-कौन शामिल था।

Share this story

Tags