लखनऊ में IRS गौरव गर्ग पर इनकम टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा ने किया हमला, पेपर वेट फेंक कर मारा

हजरतगंज के नरही स्थित आयकर कार्यालय में असिस्टेंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा ने आईआरएस गौरव गर्ग पर हमला कर दिया। हमले में डिप्टी कमिश्नर गौरव गर्ग घायल हो गए। गौरव ने हजरतगंज पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस उन्हें सिविल अस्पताल ले गई। डीसीपी सेंट्रल आशीष श्रीवास्तव का कहना है कि आईआरएस का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर जांच की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि योगेंद्र मिश्रा ने पानी का गिलास उठाकर गौरव गर्ग पर हमला कर दिया। इसके बाद हंगामा बढ़ गया। बंद केबिन में दोनों अफसरों के बीच मारपीट शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि गौरव गर्ग की नाक से खून बहने लगा। मामला गंभीर देख पुलिस ने उन्हें एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गौरव गर्ग आईपीएस रवीना त्यागी के पति हैं। रवीना यहां डीसीपी सेंट्रल के पद पर तैनात हैं। दोनों अफसरों के बीच विवाद के बाद महकमे में चर्चाएं तेज हो गई हैं। आयकर कार्यालय में तनाव का माहौल है। कर्मचारियों ने किसी को अंदर नहीं जाने दिया। इतना ही नहीं पुलिस भी पूरे मामले पर कुछ भी कहने से कतरा रही है। उधर, अस्पताल पहुंचे गौरव गर्ग ने डॉक्टरों से कानों में घंटी बजने, दाएं घुटने में चोट लगने और चक्कर आने की शिकायत की। इसके बाद उन्हें भर्ती कर लिया गया। डॉक्टर गौरव गर्ग का इलाज कर रहे हैं। उनकी हालत खतरे से बाहर है।