
डकोर के एक गांव में बुधवार को हैंडपंप से पानी भरने जा रही महिला के साथ युवक ने छेड़छाड़ की। गुस्साए पिता ने युवक के सिर पर डंडे से कई बार वार किए। युवक दो घंटे तक वहीं पड़ा रहा। बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने महिला के पिता को हिरासत में ले लिया है। डकोर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में पति से विवाद के चलते महिला तीन माह से पिता के घर रह रही थी। बुधवार को वह घर के पास लगे हैंडपंप से पानी भरने जा रही थी। उसी समय गांव का ही कल्लू राजपूत (20) वहां बैठकर शराब पी रहा था। महिला को देखकर उसने छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला ने बताया कि उसने विरोध किया तो वह गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद महिला घर पहुंची और पिता को पूरी बात बताई। इससे गुस्साया पिता डंडा लेकर हैंडपंप के पास पहुंच गया, जहां कल्लू बैठा था। उसने कल्लू के सिर पर कई बार वार किए। जिससे उसके सिर से खून बहने लगा। उसे पिटता देख आसपास के लोगों ने युवती के पिता को शांत कराकर घर भेज दिया। कल्लू दो घंटे तक वहीं पड़ा रहा। इससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही सीओ अर्चना सिंह कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और जांच की। इसके बाद पुलिस ने राकेश को गिरफ्तार कर लिया।
दो घंटे तक हैंडपंप के पास बेहोश पड़ा रहा कल्लू
ग्रामीणों की पिटाई से कल्लू बेहोश हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे ललकारा और पूछा कि क्या वह उसे मार डालेगा। इस पर ग्रामीण वहां से चले गए। लोगों ने भी सोचा कि कल्लू नशे की हालत में वहां पड़ा है और उसे उठाया या उसके पास नहीं गए। जब दो घंटे तक कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो लोग उसके पास गए तो देखा कि वह मर चुका था। इस पर उन्होंने उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन वहां पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।